Breaking

6/recent/ticker-posts

लूट के लिए पहुंचे थे स्थानीय लुटेरे, सुनसान जगह पर मिला डीवीआर बॉक्स

मुजफ्फरपुर के अहियापुर में कुरियर कंपनी से लूटकांड मामले में पुलिस को स्थानीय लुटेरे पर शक है। कुरियर कंपनी के स्टाफ से लूटे गए मोबाइल के लोकेशन के आधार पर पुलिस छापेमारी कर रही है। लूट कबाड़ मोबाइल का लोकेशन बखरी से लेकर सहबाजपुर इलाके तक में था। लेकिन, बाद में वह बंद हो गया। पुलिस की दबिश पर अपराधी लूट का मोबाइल लेकर राघोपुर, बाड़ा जगन्नाथ, अहियापुर, बखरी व बोचहां रोड में घूमते रहे। देर रात तक लूटे गए मोबाइल बंद हो गए। इसके बाद पुलिस को अपराधियों का लोकेशन मिलना बंद हो गया।


अपराधियों ने आठ कर्मचारियों में से दो का मोबाइल भी लूट लिया था। इसमें से एक मोबाइल को अपराधियों ने कुरियर कंपनी से निकलने के तुरंत बाद बंद कर लिया था। वहीं, दूसरा मोबाइल बंद नहीं हुआ। इसी मोबाइल के सहारे पुलिस अपराधियों का लोकेशन लेती रही। अहियापुर थाना इलाके अलग-अलग मोहल्लों में इस मोबाइल का लोकेशन पाया गया। बोचहां जाने वाले रास्ते में मोबाइल बंद हो गया। इधर, पुलिस की विशेष टीम घटना की जांच की। जांच के दौरान कार्यालय से कुछ दूरी पर डीवीआर बॉक्स सुनसान जगह पर गिरा था। जांच करने पर पता लगा कि बॉक्स टूटा हुआ है। टेक्निशियन की मदद से घटना का फुटेज निकाला गया। इसमें बदमाशों के तस्वीर कैद मिले हैं। 


दो बदमाश हेलमेट पहने दिखे

पुलिस ने डीवीआर बाक्स को जब्त किया है। उससे फुटेज रिकवर किया जा रहा है। इसमें अपराधियों की करतूत कैद दिखी। छह अपराधी हथियार से लैस थे। सभी के हाथ में पिस्टल था। दो ने हेलमेट पहन रखा था। अन्य के चेहरे खुले हुए थे। इन सभी की उम्र करीब 22-30 वर्ष के बीच की बताई गई है। इसे गौर से देखने पर दो अपराधियों की पहचान हुई। दोनों के संबंध में पूरी जानकारी खंगाली गई तो पता लगा कि तीन दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर निकले हैं। पहले भी लूट के मामले में ही जेल भेजे गए थे।


प्रबंधक के बयान पर एफआईआर

कुरियर कार्यालय के प्रबंधक संजीव कुमार के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नगर डीएसपी राघव दयाल ने बताया कि अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। विशेष टीम का गठन किया गया है। सर्विलांस की टीम भी सहयोग कर रही है। टावर डंप से भी कई संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले हैं। वैज्ञानिक और मानवीय श्राेतों से कार्रवाई की जा रही है।