लखनऊ, [दुर्गा शर्मा]। यह मां कहती है कि मेरा बेटा मेरी प्रेरणा है। उसने विशेष खूबियों के साथ जन्म लेकर मुझे जीवन जीने का उद्देश्य दिया। उसका जन्म 1988 में हुआ और पैदा होते ही हमें पता चला कि उसे कंजेनाइटल एबनारमल्टीस रोग है, डाक्टरों ने बताया कि बच्चे को ह्रदय की गंभीर समस्या, तालू में छेद, कमर की अविकसित हड्डी, एक पैर छोटा और ब्लू बेबी (आक्सीजन की कमी) है। कुछ आपरेशन के बाद मालूम हुआ कि मस्तिष्क क्षतिग्रस्त होने के कारण बेटा आटिज्म और सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित है। इसके बाद शुरू हुई मां स्वाति शर्मा के संघर्ष, संकल्प और समाजसेवा की प्रेरक यात्रा...
स्वाति ने बीएड (स्पेशल एजुकेशन) के साथ ही आटिज्म स्पेक्ट्रम डिसआर्डर में डिप्लोमा किया। बेटा कुछ बड़ा हुआ तो स्वाति ने उसका दाखिला विशेष बच्चों के स्कूल आशा ज्योति में कराया और खुद भी संस्थान में काम करने लगीं। 1996 से 2019 तक इंचार्ज और प्रिंसिपल के रूप में वहां सेवाएं दीं। स्वाति अपने बेटे के साथ ही अन्य विशेष बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए तन्मयता से प्रयास करने लगीं। इसी दौरान आशा ज्योति संस्थान से चार दिव्यांग बच्चों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पेशल ओलिंपिक में पदक जीते। एक शिष्य पल्लव मेहरोत्रा ने लगातार 2013, 2014 एवं 2015 में तीन बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पेशल ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीते।
